पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उठी चक्रवाती हवाओं से छत्तीसगढ़ का मौसम बदला है। बीती रात प्रदेश के अधिकांश हिस्से में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है। बरसात के बाद सुबह घना कोहरा बना। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में प्रदेश का न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरेगा। मौसम विभाग ने 9 फरवरी की रात में वर्षा की संभावना जताई थी। बुधवार रात 10 बजे के बाद अधिकांश क्षेत्रों में बरसात शुरू हो गई। पेण्ड्रा रोड, बिलासपुर, कोरिया और अम्बिकापुर में 20 मिनट से आधे घंटे तक बारिश हुई। आधी रात के बाद रायपुर में भी बरसात हुई। सेटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि रायपुर सहित कुछ क्षेत्रों में अब भी हल्के बादल छाए हुए हैं। अधिकांश हिस्सों का मौसम बरसात के तुरंत बाद साफ हो चुका था, और सुबह घने कोहरे की चादर दिखी। इसकी वजह से लोगों को यात्रा करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।मौसम विभाग का कहना हैं हवा की दिशा बदल रही है। इसकी वजह से गुरुवार को मौसम मुख्यत: सूखा रहने की संभावना है। दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना बन रही है। 12 फरवरी तक न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना बन रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.