मणिपुर विधानसभा चुनाव: ‘महिला रैली’ में बोले जेपी नड्डा- महिलाओं को आगे लाकर खड़ा करती है BJP
मणिपुर में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्ताधारी भाजपा एक बार फिर चुनाव जीतकर वापसी की कोशिशें कर रही हैं। वहीं, विपक्षी दल भी जोरशोर से तैयारियों में जुटे हैं। मणिपुर में भाजपा की नजरें महिला वोट बैंक पर हैं। यही कारण है कि शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजधानी इंफाल के सगोलबंध में महिला रैली की। इस रैली के मंच से नड्डा ने महिला वोट बैंक को साधा।
नड्डा ने कहा कि मणिपुर में मातृ शक्ति का सामाजिक और आर्थिक योगदान भी बहुत गहरा है। यहां का ईमा मार्केट ऐसा बाजार है, जिसे महिलाओं द्वारा चलाया जाता है। महिला सशक्तिकरण का दूसरा नाम मणिपुर है। कॉमनवेल्थ गेम्स हों या ओलंपिक गेम्स, मणिपुर के खिलाड़ी मेडल्स की झड़ी लगाते हैं।
नड्डा ने आगे कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत मणिपुर में 2.60 लाख शौचालय बने हैं। शौचालय निर्माण से महिलाओं को सशक्त किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.56 लाख रसोई गैस के कनेक्शन दिए गए हैं। इससे बहनों को खाना बनाने में बहुत सुविधा हुई है। पहले महिलाएं पेड़ काटकर लकड़ी इकट्ठा करती थीं उसके बाद घर में आकर चुल्हा जलाती थी उसके बाद भोजन कराती थी। आज इस सुविधा के बाद वह बस लाईटर जलाकर सारे काम कर लेती हैं।
उन्होंने कहा, ‘हमने ये संकल्प लिया है कि एन बीरेन सिंह के नेतृत्व में आर्गेनिक मणिपुर बनाया जाएगा। मणिपुर में आर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। पूरे देश में मणिपुर आर्गेनिक प्रदेश के रूप में उबरेगा’
भाजपा महिलाओं को आगे लाकर खड़ा करती है
नड्डा ने आगे कहा कि भाजपा महिलाओं को आगे लाकर खड़ा करती है। भारत की पहली महिला रक्षा मंत्री, पहली महिला शिक्षा मंत्री, पहली महिला विदेश मंत्री और पहली महिला वित्त मंत्री – सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्त किया। इसके अलावा 12 केंद्रीय मंत्री आज महिलाएं हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.