सारणः भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई चाकूबाजी, 12 से अधिक लोग घायल
छपराः बिहार में सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के यादव टोला गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में 12 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दाउदपुर थाना क्षेत्र के यादव टोला गांव निवासी वीरेंद्र यादव और मधेश्वर यादव के बीच पूर्व से ही भूमि संबंधित विवाद चल रहा था। दोनों ही पक्ष के लोग एक दूसरे से उक्त विवाद में उलझ गए। इसके बाद हुई चाकूबाजी की घटना में एक पक्ष के मधेश्वर यादव, प्रेम यादव, दूधनाथ यादव, अमीर यादव, तारकेश्वर यादव, संतोष यादव, चंदन यादव, अजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनकी चिकित्सा सदर अस्पताल छपरा में की जा रही है।
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष के वीरेंद्र यादव, सुरेन्द्र यादव, मुन्ना यादव और देवेन्द्र यादव की चिकित्सा एकमा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।