भोपाल! राजधानी में गोविंदपुरा तिराहे पर गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे शख्स को गंभीर चोट लगी थी। पीछे बैठी उसकी पत्नी को भी चोटें आई थीं। दोनों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई। पत्नी ने पुलिस को बयान दिया है कि अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग निकला। पुलिस ने मर्ग कायम कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है
गोविंदपुरा थाने के एएसआइ धनराज धुर्वे के मुताबिक कैलाश गडेकर (48) गांव परमंडल, मुलताई, जिला बैतूल के रहने वाले थे। फिलहाल वह बकतरा गांव होशंगाबाद में रहते थे। उनकी पत्नी नर्स है और निजी अस्पताल में सेवाएं देती हैं। गुरुवार सुबह कैलाश पत्नी के साथ बाइक से सीहोर जाने के लिए निकले थे। दोनों बाइक से गोविंदपुरा तिराहा तक पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कैलाश को सिर में गंभीर चोट लगी। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को नजदीक स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान कैलाश ने दम तोड़ दिया था। हादसे की जानकारी लगने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला का बयान दर्ज किया। बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में तोड़ा दम
जहांगीराबाद के मुर्गी बाजार जैन मंदिर के सामने सात दिन पहले एक बाइक सवार ने पैदल जा रहे वृद्ध को टक्कर मार दी थी। इसमें उनको गंभीर चोट लगी थी। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी गुरुवार रात को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जहांगीराबाद थाने के एएसआइ शंकर लाल के मुताबिक चर्च कालोनी निवासी 69 वर्षीय यूनुस खान अपने बेटे के परिवार के साथ रहते थे। वह 31 दिसंबर को सामान लेने के लिए पैदल मुर्गी बाजार गए थे। उसी दौरान एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। उनको अंदरूनी चोट लगी थी। उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उन्होंने गुरुवार रात दम तोड़ दिया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.