जांच में खुला पति का झूठ… गिरने से नहीं, फांसी लगाने से हुई थी पत्नी की मौत
रतलाम / नामली। ग्राम पलदूना में करीब तीन माह पहले नवविवाहिता 26 वर्षीय सपना धाकड़ की संदिग्ध मौत होने के मामले की पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। जांच में पति का झूठ सामने आया है। उसने पत्नी की मौत खाना खाने के बाद खड़े होने पर अचानक गिरने से होने की बात कहीं थी। जांच में पता चला कि सपना ने पति व सास की प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर खुदकुशी की थी। नामली थाने पर आरोपित पति व सास के खिलाफ खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 22 जून 2024 की दोपहर 28 वर्षीय गोविंद धाकड़ निवासी ग्राम पलदूना पत्नी सपना धाकड़ को अचेत अवस्था में नामली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा था। हालत गंभीर होने पर वहां से उसे मेडिकल काॅलेज ले जाने की सलाह दी थी।
डॉक्टर ने कर दिया था मृत घोषित
इसके बाद सपना को मेडिकल काॅलेज ले गया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डाॅक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित किया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने पूछताछ की तो गोविंद ने बताया था कि खाना खाने के बाद सपना खड़ी हुई और गिर गई थी। वहीं सपना के नाक से खून निकला हुआ था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया था।
एसडीओपी ने की थी मामले की जांच
मामला नवविवाहिता का होने से मामले की जांच एसडीओपी अभिलाष कुमार भलावी ने की। जांच के दौरान पुलिस ने पति गोविंद धाकड़, सास पेपाबाई, सपना के भाई दादूभाऊ मच्छिंद्र निवासी ग्राम हिसाले जिला धुले (महाराष्ट्र) पिता बापू, मां प्रमिला आदि के बयान लिए।
काम न करने पर विवाद की बात आई थी सामने
माता-पिता व भाई ने पति व सास द्वारा सपना को खेत व घर में काम न करने के कारण विवाद व झगड़ा करना बताया। वहीं पीएम रिपोर्ट में सपना की मौत दम घुटने से होना बताया गया। पुलिस ने जांच में पाया कि सपना को खेती व घर के काम करने के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस कारण उसने फांसी लगाकर खुदकुशी की थी।
ऐसे चला घटनाक्रम
- गोविंद धाकड़ और सपना का विवाह वर्ष 2019 में हुआ था।
- करीब तीन माह पहले होली पर सपना मायके गई थी।
- घटना के चार दिन पहले पति सपना को लेने मायके गया।
- पत्नी पहले आने से मना कर रही थी, लेकिन बाद में तैयार हो गई थी।
- पति सपना को अपने साथ 19 जून 2024 को लेकर आया था।
- पहले पति ने पुलिस को बताया था कि खाना खाने के बाद खड़े होने पर वह गिर गई थी।
- उसने साले को घटना वाले दिन फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी थी।
- फोन पर बताया था कि सपना को साइलेंट अटैक आया है, अस्पताल ले जा रहे हैं।
- आरोपित गोविंद धाकड़ व उसकी मां पेपाबाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
- दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.