युवती के गले में धारदार हथियार से हमला कर युवक ने खुद को किया लहूलुहान
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के बिलहरी चौकी अंतर्गत एक युवक ने युवती पर मंगलवार की दोपहर लगभग 12 बजे धारदार हथियार से वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। वहीं युवती पर हमले के बाद युवक ने खुद पर भी हमला कर घायल कर लिया। घटना की जानकारी लगने पर मौके पर पुलिस पहुंची और लहुलुहान युवक युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस वारदात के कारणों की जांच में जुटी है।
बिलहरी चौकी प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार खरखरी नंबर 2 के आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर सीढ़ियों में एक युवक ने एक युवती पर धारदार हथियार से गले में हमला कर खुद के गले में भी हमला कर लहूलुहान हो गया। दोनों खून से लथ-पथ अवस्था में तड़पते हुए पड़े हुए थे जिसकी सूचना मिलते ही लड़की के स्वजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया है। घायल युवक व युवती के गले में धारदार हथियार से किए गए वार के निशान हैं।
युवती के होश में आने पर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। जिसमें युवती सविता यादव 20 वर्ष ने बताया कि वह आंगनबाड़ी से खाना देकर घर लौट रही थी। उसी दौरान गांव का ही एक युवक प्रताप यादव 23 वर्ष आया और अचानक उसके गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह मूर्छित हो जमीन में गिर गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जमीन पर युवती के गिरते ही प्रताप यदाव ने खुद के गले मे भी वहीं धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बिलहरी पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.