पोषण पखवाड़ा के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
■ पोषण रैली व पोषण लूडो सहित अन्य माध्यमों से किया गया लोगों को जागरूक
रामगढ़: सरकार के निर्देशानुसार 21 मार्च से 4 अप्रैल तक मनाए जा रहे चौथे पोषण पखवाड़े के तहत शनिवार को रामगढ़ जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को पोषण के प्रति जागरूक करने हेतु आंगनवाड़ी सेविकाओ, सहायिकाओं एवं स्वास्थ्य सहियाओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पोषण रैली निकाली गई। इस दौरान उनके द्वारा ग्रामीणों को खानपान में शामिल किए जाने वाले सामग्रियों, स्वच्छता के महत्व सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने हेतु नई पहल के तहत आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा पोषण लूडो का आयोजन किया गया। इस दौरान सांप सीढ़ी के खेल के माध्यम से लोगो गलत व्यवहार व खानपान से होने वाले नुकसान एवं सही आदतों से होने वाले फायदों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकेआओं द्वारा बच्चों का वजन किया गया एवं माताओं को उनके बच्चों को स्वस्थ एवं पोषित रखने हेतु उनके खान-पान आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई वही टीएचआर के तहत महिलाओं के बीच राशन सामग्रियों का भी वितरण किया गया। इन सबके अलावा कार्यक्रम के दौरान गर्भवती व धात्री माताओं को भी पोषण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई व एनीमिया सहित अन्य बीमारियों के रोकथाम हेतु आहार में शामिल किए जाने वाले सामग्रियों के संबंध में भी सभी को बताया गया।