पीथमपुर पाइप फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 40 फीट तक उठीं लपटें
पीथमपुर कास्ता पाइप कंपनी की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक है कि कई किमी दूर से काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। प्लास्टिक के पाइपों में लगी आग की लपटें करीब 40 फीट ऊपर तक उठीं। करोड़ों रुपए का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा तफरी मच गई। फैक्ट्री में काम कर रहे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर भगदड़ होने से रोका। आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों को भी बाहर निकाला गया।
करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया
पीथमपुर और आसपास के 18 दमकल वाहनों, 12 टैंकर पानी और दो टैंकर फोम के इस्तेमाल से आग पर काबू पाया गया। इंदौर, धार, मांडव और महू सहित पांच निजी कंपनियों की दमकल भी आग पर काबू पाने में लगे थे। सुबह 10.30 बजे लगी आग पर दोपहर दो बजे तक काबू पाया जा सका।
एक करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान की आशंका
कास्ता पाइप फैक्ट्री का प्लांट चार एकड़ क्षेत्र में है। यहां खेती में उपयोग आने वाले पाइप बनते हैं। इंदौर जोन के अग्निशमन विभाग के एसपी आरएस निंगवाल ने बताया कि प्रारंभिक आंकलन के हिसाब से एक करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। हालांकि कंपनी की तरफ से फिलहाल आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.