भारत में बेरोजगारी दर में हुआ इजाफा
एक ओर जहां देश में अर्थव्यस्था तेजी से रिकवर कर रही है और देश का जीएसटी कलेक्शन नए मुकाम पर पहुंच रहा है, तो वहीं दूसरी ओर देश में बेरोजगारी की समस्या कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है। इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अप्रैल महीने देश की बेरोजगारी दर बढ़कर 7.83 फीसदी पर पहुंच गई।गौरतलब है कि इससे पिछले महीने यानी मार्च में देश की बेरोजगारी दर 7.60 फीसदी थी। सेंटर फॉर मॉनीटरिंग इंडियन इकोनॉमी द्वारा जारी किए गए आंकड़ों में ये बात सामने आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अप्रैल महीने के दौरान भी बेरोजगारी में इजाफे के मामले में शहरी क्षेत्र आगे रहा है। मतलब, शहरों के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी घटी है। आंकड़ों के मुताबिक, शहरों में बेरोजगारी दर मार्च के 8.28 फीसदी के मुकाबले बढ़कर 9.22 फीसदी हो गई है। वहीं ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी दर मार्च के 7.29 फीसदी से कम होकर अप्रैल में 7.18 फीसदी पर आ गई है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.