मप्र में नहीं होगा चक्रवात का कोई असर
भोपाल। बंगाल की खाड़ी में भले ही चक्रवात बन रहा हो, लेकिन वह धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर आगे बढ़ेगा। मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस चक्रवात का कोई भी असर मध्य प्रदेश पर नहीं पड़ेगा। यहां का मौसम अभी जैसा है, वैसा ही शुष्क रहेगा और तापमान बढ़ सकता है। 10-11 मई को भोपाल का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इतना ही नहीं, प्रदेश के कई जिलों में 11-12 मई के आसपास लू की संभावना भी बन सकती है। बता दें कि राजधानी भोपाल समेत मध्य प्रदेश के लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। कभी-कभी बादल छाने से बारिश की उम्मीद बंधती है, लेकिन इसका असर कुछ होता नहीं। शनिवार को मौसम कुछ ऐसा ही था। आज आसमान साफ रहेगा और बादल भी छंट जाएंगे। गर्मी लगातार बढ़ेगी। राजधानी भोपाल के मौसम की अगर बात करें तो यहां मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। शनिवार को राजधानी का उच्चतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही यह शुक्रवार के अधिक तापमान के मुकाबले 0.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य रहा। हालांकि पिछले दिन के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.