कोरोना वायरस की एंटीबाडी ने बच्चे पर किया उल्टा असर
पटना। महावीर वात्सल्य अस्पताल स्थित हृदय संस्थान में नवजात शिशु में कोरोना एंटीबाडी मिलने का दुर्लभ मामला सामने आया है। जन्म के बाद से ही शिशु की धड़कनें काफी तेज चल रही थीं और उसे सांस लेने में तकलीफ थी। दरभंगा के स्थानीय अस्पताल में सुधार नहीं होने पर उसे यहां लाया गया। जांच के क्रम में कोरोना एंटीबाडी जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई। इस कारण शिशु मल्टीपल सिस्टम इंफ्लेमेटरी ङ्क्षसड्रोम से ग्रसित हो गया था। संस्थान के बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डा. मेजर प्रभात कुमार ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान मां के कोरोना संक्रमित होने या वैक्सीन की दोनों डोज लेने के कारण शिशु में एंटीबाडी बनी होगी। मां दरभंगा निवासी शबनम परवीन के अनुसार, दूसरी लहर में घर के अन्य सदस्य संक्रमित हुए थे। गर्भावस्था और उसके पूर्व दो बार उन्हें भी बुखार आया था, लेकिन उन्होंने कोरोना जांच नहीं कराई थी। हालांकि, उन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ले रखी हैं। एम्स के कोरोना नोडल प्रभारी डा. संजीव कुमार ने बताया कि किसी नवजात में कोरोना एंटीबाडी मिलने का प्रदेश में यह पहला मामला है और दुर्लभ है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.