गुना के शिकारियों पर किसका हाथ राजनीतिक संबंध को लेकर गर्मा रहा सियासी पारा
भोपाल गुना जिले में शिकारियों से मुठभेड़ की घटना के बाद प्रदेश में सियासत भी तेज हो गई है। शिकारियों के साथ राजनीतिक संबंध बताने की बयानबाजी से सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे के ऊपर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर संरक्षण देने का आरोप लगाया तो पूरी कांग्रेस उनके बचाव में सामने आ गई। उनके पक्ष में सबसे पहले पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सामने आए। उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट करके भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के साथ फोटो जारी कर कहा कि पुलिसकर्मियों की हत्या करने वालों को संरक्षण किसका है, यह साफ है। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार ऐसे मंत्री का इस्तीफा लेगी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी ट्वीट किया कि भाजपा के नेता झूठा आरोप लगाकर मैदान छोड़कर भाग जाते हैं। इस पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डा.हितेश वाजपेयी ने पलटवार करते हुए फोटो ट्वीट करके कहा कि चित्र झूठ नहीं बोलते हैं। क्या आपके सुपुत्र अपने राजनीतिक भविष्य की खातिर हत्यारों के संरक्षक नहीं बन रहे हैं। पांच में से चार उंगलियां तो आपके बेटे की तरफ उठ रही हैं। इसका जवाब भी जयवर्धन सिंह ने दिया और कहा कि विपक्ष में रहने पर कई ऐसे केस झेले जाते हैं जो राजनीति से प्रेरित होते हैं और असली गुनहगार तो सत्ता की आड़ में मौज करते हैं। कुछ समय पहले कातिल छोड़ दिए गए थे, जबकि उन्हें रंगे हाथ पकड़ा गया था। ये किसके संरक्षण में बचे हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.