महंगाई का झटका, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम फिर बढ़े
नई दिल्ली: देश में ईंधन के दाम लगातार आसमान पर पहुंचते जा रहे हैं। आज गुरुवार को एक बार फिर गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई है। अब पूरे देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 1000 रुपये के पार पहुंच गए हैं। आज घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 3.50 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, वहीं, कमर्शियल गैस सिलेंडर 8 रुपये महंगा हो गया है।
आज से दिल्ली और मुंबई में 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1003 रुपये पर मिलेगा। पिछले एक साल में दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 809 रुपये से 1003 रुपये पर पहुंच गया है। आज कोलकाता में एलपीजी के दाम 1029 रुपये और चेन्नई में 1018.5 रुपये तक आ गए हैं जिससे खाना पकाना और भी महंगा हो गया है। देश में इससे पहले 7 मई 2022 को भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में इजाफा हुआ था और उस समय 50 रुपये प्रति सिलेंडर की भारी-भरकम बढ़ोतरी की गई थी। इसके साथ ही मई महीने में दो बार घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की जा चुकी है। वहीं, आज कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी 8 रुपये महंगे हो चुके हैं।
दिल्ली-1003 रुपये प्रति सिलेंडर
कोलकाता-1029 रुपये प्रति सिलेंडर
मुंबई-1002.50 रुपये प्रति सिलेंडर
चेन्नई- 1018.50 रुपये प्रति सिलेंडर।