मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने पर बोले जेपी नड्डा, हमारी सरकार गरीब कल्याण के लिए समर्पित
केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के लिए समर्पित है। नड्डा ने कहा कि हमारी कोशिश योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीबों का कल्याण ही मोदी सरकार की आत्मा है। इस दौरान उन्होंने नमो एप का नया संस्करण भी लॉन्च किया।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति की संस्कृति बदली है। सरकार के काम करने की शैली भी आज बदल गई है। 2014 से अब तक हमने एक लंबी यात्रा तक की है। आज हम देश में एक जिम्मेदार सरकार देखते हैं, आज हम प्रो-एक्टिव, प्रो-रिस्पोंसिव सरकार देखते हैं। उन्होंने कहा कि बदलाव की ये कहानी ही हमारी प्रगति की निशानी है। पहले योजनाएं केवल कागज पर ही बनती थी। लेकिन आज किसी भी योजना की घोषणा से लेकर उसके लागू होने तक उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाती है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अंत्योदय को हमने तीव्र गति से आगे बढ़ाया है। राष्ट्र प्रथम को लेकर हमारी सारी नीति आगे बढ़ी हैं। पहले योजनाएं कागज पर ही बनती, कागज पर ही इंप्लीमेंट होती थी, कागज में ही उद्घाटन हो जाता है। आज योजना बनने से लेकर, उसके इंप्लीमेंटशन तक नीचले स्तर तक मॉनिटरिंग होती है। नड्डा ने कहा कि पिछली सरकार के 70 वर्षों में शिक्षा विभाग ने 6.37 लाख प्राथमिक विद्यालय बनाए गए थे। मोदी सरकार के 8 साल के कार्यकाल में 6.53 लाख प्राथमिक विद्यालय बने हैं। यूनिवर्सल एजुकेशन की दृष्टि से हम आगे बढ़ रहे हैं।
नड्डा ने कहा कि गरीब कल्याण अन्न योजना की वैश्विक स्तर पर सराहना हुई है। क्योंकि कोरोना संकट में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आर्थिक मामलों को भी किसी देश ने हल किया तो वो भारत है। 2 साल से करीब 80 करोड़ गरीबों को 5 किलो मुफ्त राशन दिया जा रहा है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.