सासाराम न्यू बस स्टैंड के पास बनेगा पुलिस पोस्ट, नेहरू पार्क में सुरक्षा व्यवस्था होगी दुरूस्त
रोहतास एसपी अशीष भारती ने नगर भ्रमण के बाद दिया निर्देश
सासाराम। रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम के बाहरी क्षेत्र में स्थित न्यू बस स्टैंड, बेदा में पुलिस पोस्ट बनाया जाएगा। आज बुधवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी आशीष भारती ने बताया कि जिला मुख्यालय में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था हेतु सासाराम शहरी क्षेत्र का भ्रमण किया गया। वाहन चेकिंग भी लगाया गया एवं संदिग्धों की चेकिंग की गई। बेहतर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था हेतु बेदा स्तिथ न्यू बस स्टैंड के पास पुलिस पोस्ट बनाने का निर्णय लिया गया है, जिसके संबंध में अग्रतर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। कहा कि बाहरी क्षेत्र में स्थित होने के कारण नए बस स्टैंड में सुरक्षा को ले शिकायतें मिल रह थी, इसलिए यहां पुलिस पोस्ट बनाने का निर्णय लिया गया है। इससे देर रात को भी यात्रियों का आवागमन सुगम हो पाएगा। एसपी ने बताया कि सासाराम स्थित नेहरू पार्क में भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया तथा बेहतर पेट्रोलिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था विशेषकर महिला सुरक्षा हेतु दिशानिर्देश दिया। ज्ञात हो कि हाल के दिनों में नेहरू पार्क में मनचलों द्वारा लड़कियों के साथ छेड़खानी की शिकायत मिली थी, दो गुटों में यहां गत रविवार को मारपीट भी हुई थी। इन्हीं शिकायतों के बाद यहां पहुंचे थे और अधिकारियों को महिला सुरक्षा को ले आवश्यक निर्देश दिया था।