शाही अंदाज में मेडल लेने पहुंचे रोहित और अश्विन
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खत्म हो चुकी है। टीम इंडिया ने यह सीरीज 4-1 के अंतर से अपने नाम की। इस सीरीज के आखिरी मैच में टीम इंडिया ने 88 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन बनाए थे। अमेरिका के मैदान में यह स्कोर बहुत मुश्किल नहीं था, लेकिन वेस्टइंडीज के बल्लेबाज भारत की स्पिन गेंदबाजी नहीं खेल पाए और 15.4 ओवर में 100 रन बनाकर पूरी टीम आउट हो गई। सभी 10 विकेट भारत के स्पिन गेंदबाजों ने लिए। इस मैच में रोहित शर्मा नहीं खेल रहे थे और हार्दिक पांड्या ने कप्तानी की। वहीं, रोहित मैच के दौरान जमकर मस्ती करते नजर आए। पहले रोहित ने अपना मैच छोड़ महिला टीम का मैच मोबाइल फोन पर देखा। इसके बाद ग्राउंड स्टाफ की गाड़ी में बैठकर अपना मेडल लेने पहुंचे। यहां हम इस मैच के ऐसे ही रोमांचक पल तस्वीरों में दिखा रहे हैं।
सीरीज जीतने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन और दिनेश कार्तिक ग्राउंड स्टाफ की गाड़ी में बैठकर मेडल लेने पहुंचे। इस दौरान रोहित गाड़ी चला रहे थे। उन्होंने इस मैच के दौरान जमकर मस्ती की। सीरीज के आखिरी मैच में हार्दिक पांड्या ने भारतीय टीम की कप्तानी की और भारत को शानदार जीत दिलाई। सीरीज जीतने के बाद हार्दिक ही ट्रॉफी लेने पहुंचे। हालांकि, भारत ने यह सीरीज रोहित की कप्तानी में ही जीत ली थी, लेकिन सीरीज लेने हार्दिक पांड्या पहुंचे।इस मैच में कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट निकाले। उन्होंने अपने चार ओवरों में 12 रन देकर तीन विकट लिए। इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी किया। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने टीम इंडिया में अपना दावा और मजबूत किया है। इस मैच के दौरान फैंस ने ऊ अंटावा गाने पर जमकर डांस किया। पुष्पा फिल्म का यह गाना अमेरिका में भी खासा लोकप्रिय है और यहां भी फैंस ने इस गाने पर जमकर डांस किया। इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.