द कोरिया में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, आवागमन थमा, अब तक 7 लोगों की मौत
सियोल। दक्षिण कोरिया में भारी बारिश ने लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। राजधानी सियोल के गंगनम जिले में हुई मूसलाधार वर्षा के बाद सड़कों पर इतना पानी भर गया कि वे नदियों की तरह दिखाई देने लगीं। वर्षा के दौरान हुए जलभराव में हजारों वाहन डूब गए। सार्वजनिक परिवहन सेवा को भी नुकसान पहुंचा है। इस घटना में अब तक 7 लोगों के मारे जाने की सूचना है जबकि 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। सोमवार देर रात तक शहर को साफ करने के लिए प्रयास किए गए, जिसके बाद मंगलवार सुबह सड़कें आवागमन के लायक हो सकीं। वर्षा का क्रम फिलहाल यहां जारी है।
बारिश इतनी तेज थी कि सड़कों पर तेज धार में पानी बहने लगा। कई सबवे के अंदर पानी घुस गया। हालांकि मंगलवार को अधिकांश सबवे में मेट्रो रेल का परिचालन शुरू हो गया है लेकिन 80 के करीब सड़कें और नदियों के किनारे दर्जनों पार्क को सुरक्षा के लिहाज से अभी तक बंद रखा गया है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति राष्ट्रपति यूं सुंग योल ने सरकारी नियोक्ताओं एवं निजी कंपनियों से कर्मचारियों के आने-जाने के घंटों को समायोजित करने का आह्वान किया है और जोखिम वाले इलाके से अपने कर्मचारियों को निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों को तेज करने के लिए कहा है। इसके अलावा जिन चीजों का नुकसान हुआ है, उसे तुरंत ठीक करने को भी कहा।
सियोल में सोमवार सुबह से भारी बारिश की शुरुआत हुई। पूरे दिन भर लगातार मूसलाधार बारिश होती रही। तेज बारिश का अंदाजा इसी तथ्य से लगाया जा सकता है कि इसकी वजह से कम से कम 800 इमारतों को क्षति पहुंची है, जबकि 400 से ज्यादा लोगों को अपने घरों को खाली करना पड़ा है। सोमवार रात को दक्षिणी सियोल में अपने घर के बेसमेंट में फंसे तीन लोगों ने मदद के लिए पुकारा लेकिन भारी बारिश के कारण राहत एवं बचाव दल उन्हें बचाने में नाकाम रहे। आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, एक अन्य महिला पास के डोंगजाक जिले में अपने घर में ही पानी में डूब गई। यहीं पर एक सार्वजनिक कर्मचारी की मौत उस समय हो गई जब वह सड़क से टायरों को हटाने के लिए आगे बढ़ा लेकिन वहीं पानी में फंस गया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.