मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का रायगढ़ दौरा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को अपने रायगढ़ दौरे के दौरान 403 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर के सभी रिक्त पदों पर भर्ती करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को ये भी सुनिश्चित करने को कहा कि फ्लाई एश से नदियों का पानी प्रदूषित नहीं हो पाए।
सीएम भूपेश बघेल ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में नरवा का काम तेजी से करने के निर्देश भी दिए। कहा कि अगर पानी की सुविधा होगी, तो हाथी रिहायशी इलाकों में नहीं आएंगे। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि वॉटर रिचार्ज के लिए तेजी से काम करें। उन्होंने महिलाओं और बच्चों में कुपोषण दूर करने पर बल दिया। सीएम भूपेश बघेल ने जर्जर सड़कों को ठीक करने का काम तेजी से करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए जो भी राशि लगेगी, उसे उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यहां एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया। उन्होंने कलेक्टर को पत्रकारों के आवास के लिए भू-खंड सस्ती दर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रेस क्लब भवन के लिए 20 लाख रुपए स्वीकृत करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों को बताया कि जर्जर स्कूल भवनों को ठीक करने के लिए 500 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं बच्चों के लिए खेल मैदान भी आरक्षित किए जा रहे हैं। उन्होंने रायगढ़ नगर निगम को सड़कों को ठीक करने के लिए 10 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि चिटफंड डायरेक्टर पर लगातार कार्रवाई हो रही है। 600 से अधिक डायरेक्टर जेल में हैं। निवेशकों का पैसा भी उनके खाते में जा रहा है। छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जो चिटफंड मालिकों की संपत्ति कुर्क करके निवेशकों को पैसा वापस कर रहा है। सीएम ने कहा कि विपक्ष के साथी गोबर खरीदी की आलोचना कर रहे हैं, जबकि हाल ही में प्रधानमंत्री जी ने भी हमारी सरकार की योजना की तारीफ की है। सीएम ने कहा कि रायगढ़ के विकास में पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.