लेशी सिंह ने बीमा भारती को भेजा 5 करोड़ का मानहानि का नोटिस
बिहार में नई सरकार बनने के बाद से विवाद और मतभेदों का सिलसिला तेज हो गया है। इस बीच, खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग संभालने वाली लेशी सिंह ने पार्टी की ही विधायक बीमा भारती को मानहानि का नोटिस थमा दिया है। वहीं, पार्टी की दोनों नेताओं के बीच चल रही तकरार से नीतीश कुमार की चिंता बढ़ गई है।
दरअसल, पूर्व मंत्री बीमा भारती ने पिछले महीने जद (यू) के मुखिया नीतीश कुमार द्वारा महागठबंधन के दलों के साथ एक नई सरकार बनाने के बाद कैबिनेट में लेशी सिंह के फिर से शामिल करने पर मीडिया के सामने उनके खिलाफ कई आरोप लगाए थे। जदयू विधायक बीमा भारती ने कहा था कि मैं केवल इस बात से नाराज हूं कि जदयू विधायक लेशी सिंह को हमेशा कैबिनेट में क्यों चुना जाता है। सीएम उसमें क्या देखते हैं? अपने क्षेत्र में होने वाली घटनाओं को लेकर बार-बार उनका नाम सामने आता है, इससे पार्टी बदनाम होती है। हमारी बात क्यों नहीं सुनी जाती है? क्या इसलिए कि हम पिछड़ी जाति से हैं?
लेशी सिंह की तरफ से मिले मानहानि नोटिस के बारे में बताते हुए बीमा भारती ने कहा कि मैं इससे निपटने के लिए कानून का सहारा लूंगी। इस दौरान उन्होंने अपने पहले के बयानों पर काबिज रहने की बात कहते हुए कहा कि मैं इस बात पर कायम हूं कि लेशी सिंह आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि पैसों के दम पर मेरी आवाज की दबाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी सबके लिए है, मेरी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं गलत के खिलाफ आवाज उठाती रहूंगी। इस बीच, बीमा भारती को मिले लेशी सिंह के नोटिस पर जब सीएम नीतीश कुमार से सवाल किया गया तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.