लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकल पर मोदी का तंज
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव होने में अभी वक्त है लेकिन सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियां माहौल बनान में जुट गई हैं। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश के फूलपुर या मिर्जापुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के अटकलों के बीच भाजपा ने उन पर कटाक्ष किया है। भाजपा ने कहा कि नीतीश कुमार जहां से चुनाव लड़ें, उनकी जमानत जब्त होगी। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने ट्विटर पर एक वीडियो जारी आरोप लगाते हुए कहा है कि नीतीश कुमार बिहार से इतना डर गए हैं कि वे उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने चल दिए हैं। सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार अब यूपी से चुनाव लड़ने की सोच रहे हैं। उन्हें पता है कि बिहार के अंदर उनके लिए दो सीट भी जीतना मुश्किल होगा। उनके सहयोगी ने उन्हें सुझाव दिया है या उन्हें आफर दिया गया है कि फूलपुर से चुनाव लड़ें। नीतीश कुमार जाएं, चाहे वह फूलपुर हो या मिर्जापुर हो उनकी जमानत जब्त होगी। उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में आजमगढ़ और रामपुर का लोकसभा चुनाव हुआ। दोनों क्षेत्र समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाते हैं। यहां से सपा का सफाया हो गया। इसके पहले यूपी में बुआ और बबुआ की जोड़ी को बहुत प्रचारित किया गया। लेकिन क्या हश्र हुआ? भाजपा 64 सीटें जीत गई थी। सुशील मोदी ने आगे कहा कि अखिलेश यादव ने कांग्रेस से हाथ मिलाया था। तब नारा लगा था यूपी को यह जोड़ी पसंद है। क्या हुआ उस जोड़ी का। उन्होंने कहा कि कहा जिन लोगों ने भाजपा की पीठ में छूरा मारा है, वे कहीं से चुनाव लड़ें उनकी जमानत जब्त कराई जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी नीतीश कुमार पर हमला बोला था। संजय जायसवाल ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह नीतीश कुमार को फूलपुर से लोकसभा का चुनाव लड़वा रहे हैं। वैसे तो माननीय जी की इतनी हिम्मत नहीं है कि वह नालंदा से बाहर बिहार में भी कहीं चुनाव लड़ सकें, लेकिन अगर प्रधानमंत्री का सपना देखना है तो फूलपुर से चुनाव जरूर लड़ना चाहिए।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.