गुना में नागरिकों के आगे झुकी कंपनी; नगर के अंदर ही वसूला जा रहा था टोल
गुना: टोल के खिलाफ प्रदर्शन करते नागरिक।कुम्भराज में आखिरकार जनता की जीत हुई। तीन दिन से चली आ रहे टोल बंद करने की मांग आज पूरी हो गयी। MPRDC और टोल कंपनी को जनता के सामने झुकना पड़ा। आज से टोल बंद करने का निर्णय लिया गया है। नागरिकों और व्यापारियों ने आज 12 बजे तक का अल्टीमेटम प्रशासन को दिया था। मांगे नहीं मानने पर AB रोड पर छक्का जाम करने की चेतावनी दी गयी थी। SDM ने बताया कि वहां से टोल हटा लिया गया था।बता दें कि रोड बनने के 5 वर्ष बाद खटकिया-कुंभराज रोड पर कंपनी ने टोल बना दिया था। महज 7 किमी के इस रास्ते पर टोल लगने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल की गाड़ियों तक से टोल वसूला जाता था। कुम्भराज में बड़ी धनिया मंडी है, जो हर वर्ष 250 करोड़ से ज्यादा की धनिया एक्सपोर्ट करती है। इसी रास्ते पर व्यापारियों ने वेयर हाउस बना रखे हैं। मंडी से वेयरहाउस अनाज भेजने के दौरान भी व्यापारियों को टोल देना पड़ता था। जितनी बार उनकी गाड़ी निकलती, उतनी बार उनसे टोल वसूला जा रहा था।पांच दिन पहले नागरिकों और व्यापारियों का गुस्सा सामने आया था। पिछले तीन दिन से नगर में लगातार धरना चल रहा था। कई बार टोल हटाने का निवेदन किया गया, लेकिन MPRDC ने उनकी नहीं सुनी।इसके बाद नागरिकों ने मोर्चा खोल दिया था। गुरुवार को चांचौड़ा के प्रभारी SDM वीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने भी MPRDC से यही कहा कि ऐसी जगह टोल लगाना सही नहीं है। नागरिकों ने शुक्रवार 12 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद आखिरकार MPRDC और टोल कंपनी को झुकना पड़ा। शुक्रवार सुबह ही टोल लेना बंद कर दिया गया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.