कर्ज से तंग आकर एक ही परिवार के 6 लोगों ने खाया जहर, 5 की मौत
बिहार के नवादा शहर में कर्ज से तंग आकर एक ही परिवार के छह सदस्यों ने सामूहिक खुदकुशी के इरादे से जहर खा लिया। इनमें से 5 की मौत हो गई। बताया गया है कि सूदखोर परिवार पर दबाव डाल रहे थे। परिवार के मुखिया केदारनाथ गुप्ता का परिवार नवादा के न्यू एरिया की आदर्श सोसायटी में किराए के घर में रहता था। गुप्ता व उनके परिवार के 6 लोगों ने जहर खाया। इनमें से गुप्ता समेत 5 की मौत हो चुकी है और एक गंभीर है।
नवादा पुलिस के अनुसार केदारनाथ गुप्ता मूलरूप से रजौली के रहने वाले थे। वे कुछ समय से अपने परिवार के साथ नवादा में रह कर कारोबार करने लगे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुप्ता ने कई सूदखोरों से कर्ज ले रखा था और वे उन पर पैसा चुकाने का दबाव बनाते हुए प्रताड़ित कर रहे थे। गुप्ता ही नहीं पूरे परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि संभवत: इसी कारण से पूरे परिवार ने सामूहिक खुदकुशी का कदम उठाया।
मृतकों की पहचान केदारनाथ गुप्ता, उनकी पत्नी अनिता और तीन बच्चों के रूप में हुई। दो लोगों की आदर्श सोसायटी में ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में प्राण त्याग दिए। नवादा पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.