आधी रात दुल्हन के कमरे में घुसी पुलिस पर मारपीट का लगा आरोप पुलिस ने कहा वारंटी को पकड़ने गए थे वहां
सासाराम। एक बार फिर बिहार पुलिस पर आधी रात में नई नवेली दुल्हन के कमरे के अंदर घुसने का मामला आया है। परिजनों ने मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस छत के रास्ते रामजी महतो के घर के अंदर घुसी थी। इसके बाद जबरन दुल्हन का कमरा खुलवाया और रात में ही तलाशी ली। मामला सासाराम के लखनू सराय का है। जबरन दुल्हन का कमरा खुलवाने का परिजनों ने विरोध जताया था। छत पर ले जाकर पुलिस ने एक युवक की पिटाई भी कर दी है। रात में आधार कार्ड समेत अनेक डॉक्युमेंट्स भी मांगे गए। परिजनों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई है। उन्होंने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है। बता दें, इससे पहले पटना में भी शराब खोजते हुए पुलिस दुल्हन के कमरे में घुस गई थी। इसकी आलोचना विपक्ष ने की थी उस समय भी बहुत हंगामा हुआ था।
रामजी महतो परिवार की एक महिला सदस्य ने बताया कि मेरे पति और भैसुर के साथ पुलिस ने मारपीट की है। आधी रात में पुलिस घर के भीतर कैसे घुस सकती है। एक दिन पहले ही दुल्हन घर में आई थी। पुलिस के इस रवैए से दुल्हन पूरी तरह से डर गई। मना करने के बावजूद पुलिस दुल्हन से भी सवाल करने लगी थी। घर की महिलाओं से यहां तक पूछा गया कि वो किसके साथ सोई हुई है।’ वहीं, इस संबंध में सासाराम नगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया ‘मामला 8 फरवरी का है। जिसके घर में रेड हुई, उसके यहां एक हत्यारोपी के छुपने का अंदेशा था। पुलिस ने बहुत देर तक दरवाजे को खोलने को कहा लेकिन घरवालों ने जानबूझकर देरी की मजबूरन पुलिस को छत के रास्ते घर में प्रवेश करना पड़ा। पुलिस ने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की है। पुलिस ने ये भी कहा हत्या के आरोपी श्रवण कुमार को खोजने पुलिस वहां गई थी। शक था कि वह रामजी महतो के घर में छिपा हुआ है लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस का कहना यह है कि उक्त घर के लोगों ने आरोपी को भगा दिया। आरोपी श्रवण कुमार के खिलाफ रोहतास और कैमूर दोनों जिला में केस दर्ज है। नगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि आरोपी वारंटी शादी भी कर रहा था। तिल्कोत्सव के बाद वह छिप गया है।