बिहार दिवस पर महापुरुषों स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतिमा की उपेक्षा पर जताया रोष
सासाराम। बिहार दिवस के अवसर पर शहर में लगे महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतिमा की साफ-सफाई और सजावट नहीं कराने पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेंद्र पासवान ने रोष व्यक्त किया है साथ ही उन्होंने समाहरणालय के पास स्थित डाक्टर भीमराव अंबेडकर और कचरी मोड़ के पास स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा को साफ सफाई और माल्यार्पण कर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर भी इन महापुरुषों, स्वतंत्र सेनानियों की उपेक्षा काफी दुखद है। एक तरफ जहां प्रशासन द्वारा लाखों रुपए खर्च कर बिहार दिवस कार्यक्रम कराया गया। वही दूसरी ओर इन महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की उपेक्षा की गयी जो कहीं से भी सही नहीं है। बिहार दिवस पर सबसे जरूरी था इन लोगों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और सजावट। यह हमारे आदर्श हैं और जब ऐसे ही लोगों का मान सम्मान नहीं हुआ तो फिर बिहार दिवस मनाने का क्या फायदा। वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने भी बिहार दिवस पर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतिमा की साफ-सफाई नहीं कराने पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर ऐसे विभूतियों की उपेक्षा जिला प्रशासन द्वारा करना ठीक नहीं है सबसे ज्यादा जरूरी था इनके प्रतिमाओं की साफ-सफाई और सजावट करना। जब बिहार दिवस पर इन्हें मान सम्मान नहीं मिला तो फिर ऐसे बिहार दिवस मनाने और कार्यक्रम के नाम पर लाखों रुपए खर्च करने का क्या फायदा। इनकी उपेक्षा होने से हर कोई आहत है।