अंबाला के वार हीरोज स्टेडियम में लान टेनिस कोर्ट बनाने की तैयारी
अंबाला । जिला अंबाला में खेल विभाग अपनी गतिविधियों को तेज करने में जुटा है। इसके तहत अंबाला कैंट के वार हीरोज स्टेडियम में लान टेनिस कोर्ट की तैयारी है। इसको लेकर विभाग ने अपनी तैयारी तो शुरू कर दी है, लेकिन अभी इस में कई पेंच फंसे हुए हैं। अब जब तक यह बाधाएं दूर नहीं होती, तब तक यह कोर्ट बनना मुश्किल है। हालांकि विभाग का दावा है कि इसके लिए समाधान तलाशा जा रहा है। अभी तक जिला खेल विभाग के तहत लान टेनिस कोर्ट की व्यवस्थाएं नहीं हैं, जबकि अब यह जुटाने की भी कोशिशें की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला अंबाला में टेनिस के खिलाड़ी काफी हैं, जबकि इसके लिए सरकारी स्तर पर टेनिस कोर्ट की व्यवस्था नहीं है। हालांकि अंबाला शहर में निजी कोचिंग सेंटर है, जहां पर खिलाड़ी अपनी तैयारी करते हैं। इसके अलावा कुछ क्लबों में भी टेनिस कोर्ट हैं। अब जिला खेल विभाग की तैयारी है कि वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में लान टेनिस कोर्ट की व्यवस्था की जाए। इसके लिए जगह तो है, लेकिन यहां पर टेनिस कोर्ट के लिए जगह कम पड़ रही है। इसी को लेकर विभाग अब देख रहा है कि जमीन की यह कमी कैसे पूरी की जाए। हालांकि दावा किया जा रहा है कि इसका इंतजाम हो जाएगा, लेकिन फिलहाल यह योजना पाइपलाइन में है। यदि यह लान टेनिस कोर्ट तैयार हो जाता है, तो इस खेल के खिलाड़ियों को काफी मदद मिलेगी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.