परम बीर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच अब CBI के हवाले
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच का मामला सीबीआई को सुपुर्द कर दिया। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा कि यदि आगे भी इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज की जाती है तो उसे सीबीआई के हवाले कर दिया जाएगा। हालांकि परम बीर सिंह का निलंबन जारी रहेगा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह परम बीर सिंह का निलंबन रद नहीं कर रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि महाराष्ट्र पुलिस की ओर से मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह के खिलाफ दर्ज किए गए पांच आपराधिक मामलों को निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को हस्तांतरित किया जाता है। सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई पुलिस को एक हफ्ते के भीतर सभी मामलों को सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही मुंबई पुलिस के सभी अधिकारियों को सीबीआई को छानबीन में पूरा सहयोग करने का भी आदेश दिया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.