19 वर्षों से कार्यरत नियोजित शिक्षकों को प्रोन्नति देने की बढ़ी मांग
सासाराम। अपनी कालबद्ध प्रोन्नति का इंतजार कर रहे 19 वर्षों से कार्यरत नियोजित शिक्षकों को अविलंब प्रोन्नति देने की मांग परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ ने सरकार से की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष वंशीधर ब्रजवासी ने मुख्यमंत्री, अपर मुख्य सचिव और प्राथमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपकर राज्य में कार्यरत इंटरमीडिएट योग्यताधारी सभी शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति देने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि बिहार के नियोजित शिक्षक एकमात्र ऐसे कर्मचारी है जो 19 वर्षों से काम कर रहे हैं किंतु उन्हें आज तक किसी प्रकार की कोई प्रोन्नति नहीं दी गई है। पंचायत प्रारंभिक शिक्षक नियोजन नियमावली 2012 के अंतर्गत इंटरमीडिएट योग्यताधारी शिक्षकों को उनके 12 वर्ष सेवा पूर्णता के आधार पर कालबद्ध प्रोन्नति देने का प्रावधान बनाया गया है। प्रावधान के मुताबिक जिन शिक्षकों के पास केवल इंटरमीडिएट की योग्यता है और उन्होंने 12 वर्षों की सेवा पूरी कर ली है तो उसके आधार पर उन्हें स्नातक ग्रेड के शिक्षकों के लिए निर्धारित 2400 ग्रेड पे में प्रोन्नति दी जानी है। वर्ष 2012 में नई नियमावली की अधिसूचना जारी कर राज्य सरकार उसे क्रियान्वित करना भूल गई जिससे शिक्षकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। संघ के अध्यक्ष श्री ब्रजवासी ने राज्य सरकार से मांग की है कि जिन नियोजित शिक्षकों के पास केवल इंटरमीडिएट की योग्यता है उनकी 12 वर्ष की सेवा जिस दिन पूरी हो गई है उसी दिन से उन्हें स्नातक ग्रेड के लिए निर्धारित वेतनमान में प्रोन्नति देते हुए उन्हें कालबद्ध प्रोन्नति का लाभ दिया जाए। जिला महासचिव परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ रोहतास वाहिद अनवर ने कहा कि मांगे नहीं माने जाने पर संगठन की ओर से उच्च न्यायालय के समक्ष याचिका दायर की जाएगी।