कांग्रेस प्रदर्शनकारियों ने पीईबी के गेट पर ताला जड़ा; पुलिस कार्यकर्ताओं को घसीटकर कर ले गई
व्यापमं (PEB) को लेकर अब यूथ कांग्रेस भी कूद गई है। गुरुवार दोपहर बाद यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता पीईबी के गेट पर ताला जड़ते हुए धरने पर बैठ गए। व्यापमं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस घसीटकर ले गई। प्रदर्शन के दौरान करीब 50 से 60 कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस ने 19 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। पुलिस सभी को पुलिस वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गई। उन्होंने शिवराज को व्यापमं का मामा बताते हुए MP-TET परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच की मांग की। धरने के बीच ही पुलिस ने मप्र यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया समेत अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
कैबिनेट मंत्री और ओएसडी के इस्तीफे की मांग
मप्र यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत और मुख्यमंत्री के ओएसडी लक्ष्मण सिंह की बर्खास्तगी जब तक नहीं हो जाती, तब तक निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है। MP-TET की परीक्षा रद्द होनी चाहिए। भूरिया ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो कई मंत्री और अधिकारी घेरे में आ जाएंगे।
पुलिस प्रशासन पर मारपीट का आरोप
यूथ कांग्रेस की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन के बीच ही पुलिस की एक वैन पहुंची, जिसमें प्रदर्शनकारियों को डालकर धरना स्थल से हटाया गया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए आरोप लगाए कि पुलिस बलपूर्वक हमारी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। हमारे साथ मारपीट की गई। हमें डराया धमकाया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर मामले की जांच सही तरीके से नहीं की गई, तो अभी तो व्यापमं पर ताला लगाया है, अब मुख्यमंत्री आवास पर भी ताला जड़ देंगे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.