आज से प्रातः 7:00 से पूर्वाहन 11:00 बजे तक संचालित होंगे जिला के सभी आंगनवाड़ी केंद्र
सासाराम। भीषण गर्मी एवं लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी रोहतास धर्मेंद्र कुमार द्वारा जिला के सभी 3388 आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन का समय आगामी सोमवार दिनांक 18 अप्रैल 2022 से प्रातः 7:00 बजे से पूर्वाहन 11:00 बजे तक करने का आदेश जारी किया गया है। ज्ञातव्य है कि लगातार बढ़ते हुए तापमान एवं लू के प्रकोप के दृष्टिगत सेविका संघ द्वारा भी इस आशय का अनुरोध पत्र जिला पदाधिकारी को सौंपा गया था। जिला पदाधिकारी रोहतास धर्मेंद्र कुमार द्वारा नौनिहालों के हित में अविलंब इस आशय का निर्णय लेते हुए डीपीओ, आईसीडीएस को निर्देश दिया गया है कि आगामी सोमवार दिनांक 18 अप्रैल 2022 से अगले आदेश तक रोहतास जिला के सभी 19 प्रखंड के 20 आंगनबाड़ी /आईसीडीएस इकाइयों द्वारा संचालित सभी 3388 आंगनवाड़ी केंद्र प्रातः कालीन सत्र में प्रातः 7:00 से पूर्वाह्न 11:00 बजे तक चलाए जाएंगे। डीपीओ, आईसीडीएस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ज्ञातव्य है कि पूर्व में आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन समय पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराहन 2:00 बजे तक का था।