तेजप्रताप के थप्पड़ कांड पर आरजेडी की आई सफाई, इफ्तार पार्टी में अपने ही एमएलसी उम्मीदवार पर उठाया था हाथ
पटना: राष्ट्रीय जनता दल के विधायक और पार्टी सुप्रीमो लालू यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार राजद के ही एक नेता व पूर्व एमएलसी प्रत्याशी उनके क्रोध के शिकार बने हैं। बताया जाता है कि तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के पूर्व एमएलसी प्रत्याशी अनिल सम्राट को थप्पड़ जड़ दिया। उन्होंने उस नेता को आरजेडी की इफ्तार पार्टी से भी निकाल दिया। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि तेज प्रताप अनिल के कुछ बयानों से खफा थे तथा मौके की तलाश में थे जो शुक्रवार को उन्हें मिल गया। अनिल सम्राट यादव ने इस साल आरा सीट से बिहार एमएलसी का चुनाव लड़ा था लेकिन असफल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो तेजप्रताप अनिल सम्राट से कुछ डिजिटल मीडिया पर अपने बारे में अपशब्दों के इस्तेमाल से खफा थे। वे उनसे इसका बदला लेना चाहते थे। दावा किया जा रहा है कि तेज प्रताप के इस बर्ताव का अनिल सम्राट ने भी उसी अंदाज़ में जवाब दिया। इसके बाद वहां उपस्थित लोगों ने उन दोनों को अलग-अलग किया। हालांकि इस संबंध में कोई वीडियो ना रहने के कारण मामला ज्यादा नहीं उछला। 2017 में राजद कार्यकर्ता सनोज यादव ने तेज प्रताप पर मारपीट का आरोप लगाया था। हालांकि राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने शुक्रवार शाम को इस तरह की घटना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मैं इफ्तार पार्टी में था। मुझे इस तरह की घटना होने की कोई जानकारी नहीं है। दरअसल तेज प्रताप विरोधियों से अधिक अपने पार्टी के लोगों खासकर तेजस्वी यादव के करीबियों को निशाने पर रखते हैं। तेज प्रताप का रोना है कि पार्टी में उन्हें कोई भाव नहीं देता। सब उन्हें नजरअंदाज करते हैं। इससे पूर्व उन्होंने नव निर्वाचित विधान पार्षद सौरव कुमार के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे।