फिच ने घटाया भारत की आर्थिक विकास दर का अनुमान
– इससे पहले विश्व बैंक ने भी भारत के आर्थिक विकास दर के अनुमान को घटा दिया था
नई दिल्ली: फिच रेटिंग्स ने शुक्रवार को कहा कि उसने भारत की सॉवरेन रेटिंग के परिदृश्य को नकारात्मक से स्थिर कर दिया है, क्योंकि तेजी से आर्थिक सुधार के कारण मध्यम अवधि के दौरान वृद्धि में गिरावट का जोखिम कम हो गया है। फिच रेटिंग्स ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को ‘बीबीबी-‘ पर कायम रखा। रेटिंग एजेंसी ने कहा, परिदृश्य में संशोधन हमारे इस विचार को दर्शाता है कि वैश्विक जिंस कीमतों में तेजी के झटकों के बावजूद भारत में आर्थिक सुधार और वित्तीय क्षेत्र की कमजोरियों में कमी के कारण मध्यम अवधि के दौरान वृद्धि में गिरावट का जोखिम कम हो गया है। हालांकि, फिच रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष के लिए आर्थिक वृद्धि के अनुमान को घटाकर 7.8 प्रतिशत कर दिया है, जिसके पहले 8.5 प्रतिशत रहने की उम्मीद जताई गई थी। वैश्विक जिंस कीमतों में तेजी के कारण महंगाई बढ़ने के चलते यह कटौती की गई। इससे पहले विश्व बैंक ने भी 2022-23 में भारत के आर्थिक विकास दर के अनुमान को घटा दिया था। विश्व बैंक के मुताबिक मौजूदा वित्त वर्ष में आर्थिक विकास दर 7.5 फीसदी रह सकता है। पहले उसने ने 8.7 फीसदी ग्रोथ रेट रहने का अनुमान जताया था। यानि विश्व बैंक ने अपने अनुमान में 1.2 फीसदी की कटौती की है। हाल के दिनों में सभी रेटिंग एजेंसी समेत संस्थाओं ने बढ़ती महंगाई, सप्लाई चेन में रुकावट और वैश्विक तनाव के चलते भारत आर्थिक विकास दर के अनुमान को घटाया है।