पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी: जुमे की नमाज के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, की गई पत्थरबाजी
– जम्मू कश्मीर के डोडा किश्तवाड़ जिले में लगाया गया कर्फ्यू
नई दिल्ली: पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के विरोध में लगातार प्रदर्शन जारी है। आज जुमे की नमाज के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध हुए हैं। कुछ जगहों पर पत्थरबाजी की घटना भी हुई है। प्रयागराज में पत्थरबाजी की गई है।
यूपी के प्रयागराज और कानपुर में जुमे की नमाज के बाद कुछ शरारती तत्वों ने जमकर बवाल किया। इस दौरान नारेबाजी की गई, पुलिस ने जब उपद्रव रोकने का प्रयास किया तो लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया। घटना अतरसुइया थाना क्षेत्र के अटाला के पास की है। उपद्रवियों को रोकने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। अभी कुछ दिन पहले ही कानपुर में भी जिस दिन पीएम वहां मौजूद थे, विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी की घटना हुई थी।
कश्मीर में प्रदर्शन – पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उत्पन्न तनाव के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में डोडा और किश्तवाड़ जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है, जबकि कश्मीर के कुछ हिस्सों में बंद जैसी स्थिति है। भद्रवाह तथा किश्तवाड़ शहरों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों और घाटी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। श्रीनगर में शुक्रवार को सार्वजनिक वाहन सड़कों से नदारद रहे। हालांकि, लाल चौक, बटमालू और आसपास के इलाकों में कार्यालय तथा स्कूल खुले होने के कारण सड़कों पर अन्य वाहन नजर आए।
कर्नाटक में विरोध – बेलागावी शहर में फोर्ट रोड स्थित मस्जिद के नजदीक शरारती तत्वों ने नुपुर शर्मा के पुतले को बिजली के तार से बने फंदे से लटका दिया, पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि चूंकि इस हरकत से जनाक्रोश पैदा हो सकता था, लिहाजा पुलिस ने नगर निगम के कर्मियों के साथ मिलकर तुरंत पुतला वहां से हटा दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ समुदायों के बीच द्वेष पैदा करने और सामाजिक शांति भंग करने संबंधी धाराओं के तहत प्रथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली के जामा मस्जिद पर हजारों की संख्या में लोग जुमे की नमाज पढ़ने के लिए एकत्रित हुए थे। नमाज पढ़ने के बाद कुछ लोग जब बाहर निकले तो वह नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उनकी मांग है कि नूपुर शर्मा को उसके द्वारा की गई टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया जाए। इस बीच जामा मस्जिद के शाही इमाम ने कहा कि उन्हें विरोध प्रदर्शन की पहले से कोई जानकारी नहीं थी।
कोलकाता में भी नमाज के बाद कुछ इलाकों में लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुतले भी जलाए।
महाराष्ट्र में प्रदर्शन – सोलापुर में बड़ी संख्या में लोगों ने रैली निकाली। वहीं, नवी मुंबई में मुस्लिम महिलाएं भी रैली में शामिल हुईं।