विश्व नशा मुक्ति दिवस पर रोहतास पुलिस ने निकाली साईकिल रैली
सासाराम। आज 26 जून को देश भर में एंटी ड्रग डे मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में रोहतास जिला में भी नशा मुक्ति दिवस को लेकर रोहतास पुलिस की ओर से साइकिल यात्रा निकाली गई। रैली के दौरान खासकर युवाओं से नशा न करने की अपील की गई। रोहतास पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नशा विमुक्ति अभियान के तहत पुलिस केंद्र डेहरी से साइकिल यात्रा की शुरुआत की गई। इस दौरान रोहतास एसपी आशीष भारती खुद साइकिल पर सवार होकर इंद्रपुरी बराज तक की साईकिल यात्रा कर लोगों को जागरूक किया। रोहतास एसपी ने बताया कि अन्तराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर रोहतास पुलिस की तरफ से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को नशे की लत से बचने के हेतु जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी है सभी आम जन को अन्य तरह के नशे से बचना चहिए। गौरतलब है कि हर साल 26 जून को अन्तरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निषेध (नशा मुक्ति/निवारण) दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत साल 1987 में की गई थी। इसका उद्देश्य दुनिया में ज्यादा से ज्यादा लोगों को नशा की लत और उससे होने वाली मौत से बचाना है। दुनिया भर के लोगों के लिए शोध पड़ताल, आंकड़े, और तथ्यों को साझा करना है जिससे नशे की लत में पड़े लोगों का जीवन बचाया जा सके। यह दुनिया भर के कार्यकर्ता, चिकित्सक, और नशा छोड़ने के लिए लोगों की मदद करने वाले संगठन और सरकारों के लिए एकता दिखाने का मौका भी होता है जिससे नशा करने से रोकने की मदद में आसानी होती है। विशेषज्ञों का भी मानना है कि इस चुनौती से निपटने में सहयोग की अहम भूमिका होती है।