घरवालों को कमरे में बंद कर रिटायर्ड शिक्षक के घर हुई पांच लाख तक के सामान की चोरी
सासाराम। रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के सिरखिंडा गांव में शनिवार रविवार की रात चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के घर भीषण चोरी को अंजाम दिया है। रिटायर्ड शिक्षक इलाके के प्रतिष्ठित किसान भी हैं, चोरी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके घर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। लगभग पांच लाख से अधिक का सामान चोरी हुआ है। पीड़ित किसान उपेंद्र सिंह ने बताया कि चोर छत के रास्ते घर में देर रात घुसे,जिन कमरों में परिवार के सदस्य सोए थे, उन सभी कमरों को बाहर से बंद कर दिया, इसके बाद खाली कमरों की आलमारी आादि तोड़ कर सारा सामान चुरा ले गए। वो अपने साथ एक दर्जन से अधिक बक्से, सूटकेश आदि भी ले गए। ले जाने में परेशानी होने पर भारी सूटकेसों को खेत में ले जाकर खोल कर देखा, और उसमें रखे कपड़ों को वही फेंक गहने ले गए, अनुमानतः पांच लाख से अधिक के गहने चोरी हुए हैं। सुबह जब घर वाले उठे तो सबके कमरे बाहर से बंद थे, पड़ोस की मदद से बाहर निकले तो देखा कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ है और घर का सामान गायब हैं। जब खेतों की तरफ गए तो देखा कि बक्सा, अटैची फेंका हुआ है और कपड़े बिखरे हुए हैं। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों पर प्राथमिकी दर्ज किया है। घटना को लेकर इलाके में अक्रोश है, ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आए दिन चोरी की ऐसी घटनाएं घट रही हैं परंतु पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।