घरेलू विवाद में पति-पत्नी ने की आत्महत्या
गुरुग्राम में घरेलू विवाद की वजह से एक कपल ने आत्महत्या कर ली। पति-पत्नी दोनों यहां चौमा गांव में रहते थे। शनिवार को दोनों के बीच विवाद हुआ था। कपल की मौत के बाद महिला के परिजनों ने उसके सास-ससुर पर दहेज के लिए भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि 35 साल के सुशांत घोष एक निजी फर्म में कार्यरत थे और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। उनकी पत्नी जूही मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थीं। करीब 3 साल पहले दोनो की शादी हुई थी। चौमा गांव में कपल एक किराये के मकान में रहते थे। पुलिस का कहना है कि जूही और सास-ससुर के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना के दिन जूही दूध-रोटी खाना चाहती थी। उसने अपने पति सुशांत को बाजार से दूध लाने के लिए कहा था। जब सुशांत दूध का पैकेट लेकर घर वापस आए तब उनकी मां औनिका बाजार जाने के लिए अपने बेटे को डांटने लगीं। मां के साथ बहस होने के बाद सुशांत ने वॉशरूम में जाकर वहां रखा एसिड पी लिया। जब वो काफी देर तक बाहर नहीं आए तब उनके परिजन वहां गए और यह देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई कि सुशांत के मुंह से झांग निकल रहा था। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई।
पति के मौत से स्तब्ध जूही ने घर आकर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रही। बताया जा रहा है कि इसके बाद जूही ने कोई जहरीला पेय पदार्थ पी लिया। पुलिस ने बताया कि जूही को सेक्टर 10 स्थित सिविल हॉस्पिटल में ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.