बड़ा हादसा: प्रतिमा विसर्जित कर लौट रहे 3 लोगों की मौत
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में देवी मां की प्रतिमा विसर्जित कर लौट रहे 3 लोगों की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की वजह से हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे।
जानकारी के अनुसार सभी लोग नईगढ़ी क्षेत्र के अष्टभुजा माता मंदिर स्थित देवलहा नदी में मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे थे। घटना सुमेदा गांव के पास बुधवार रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे की जानकारी लगते ही जिला प्रशासन ने नईगढ़ी और मऊगंज से 12, 108 वाहन मौके पर भेजे और घायलों को मऊगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने यहां तीन घायलों राजेश कुशवाहा, निवासी चद्रमौली गांव, अश्विनी पटेल, निवासी चद्रमौली गांव, रामू जगर, निवासी चद्रमौली गांव को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 10 लोगों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
मऊगंज SDOP नवीन दुबे ने बताया कि कुछ घायलों को मऊगंज अस्पताल और गंभीर घायलों को रीवा के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल रेफर किया गया है। एसपी नवनीत भसीन ने बताया कि रात 2:30 बजे पुलिस को हादसे की सूचना मिली थी। घायलों के इलाज के लिए रात में ही डॉक्टर्स की टीम को बुला लिया गया था।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.