कांग्रेस अध्यक्ष बना तो 50 से कम उम्र के लोगों को दिए जाएंगे 50 फीसदी पद : खड़गे
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव प्रचार में जुटे मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर वह पार्टी प्रमुख बनते हैं तो पार्टी में 50 फीसदी पोस्ट 50 से कम उम्र वाले लोगों को दी जाएंगी। उदयपुर में चिंतन शिविर के दौरान घोषणा पर अपनी सहमति जताते हुए उन्होंने कहा कि वह अपने फैसले पर अडिग हैं। 80 वर्षीय नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शशि थरूर से मतभेदों पर भी बात की।आगामी 17 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पर वोटिंग होनी है। इस पद के लिए शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच मुकाबला है। तेलंगाना में खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पाला बदल लिया है, उन्होंने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय के डर से ऐसा किया है, न कि पदों के लिए।खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में उनके प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर से मतभेदों की उड़ रही अफवाहों पर कहा यह हमारे घर का मामला है। हम सबको मिलकर काम करना है। एक व्यक्ति अकेला काम नहीं कर सकता। मैं नहीं हम होना चाहिए। निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाएंगे। उन्होंने थरूर की उन टिप्पणियों पर भी सहमति जताई, जिसमें थरूर ने कहा कि वो अगर चुने जाते हैं तो पार्टी में व्यापक स्तर पर बदलाव करेंगे। खड़गे ने कहा कि 130 साल पुरानी पार्टी के चुनाव में 9,300 मतदाता हिस्सा लेंगे।उन्होंने कहा मैं हर राज्य में मतदाताओं के सामने अपनी बात रखने जा रहा हूं। मैं राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात सहित अन्य जगहों पर गया। सभी वरिष्ठ नेताओं जिन्होंने मुझसे चुनाव लड़ने का आग्रह किया था, ने मुझसे कहा कि ऐसे समय में जब सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं, तो हमें पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रयास करने चाहिए। मैंने उनकी अपील के बाद चुनाव लड़ने का फैसला किया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.