हुर्रियत कांफ्रेंस के पूर्व चेयरमैन अब्बास अंसारी का निधन
कश्मीर घाटी में इत्तिहादुल मुसिलमीन के संस्थापक एवं ऑल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेता रहे मोहम्मद अब्बास अंसारी का लंबी बीमारी के बाद श्रीनगर में उनके आवास पर आज निधन हो गया। जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि अब्बास अंसारी लंबे समय से ठीक नहीं चल रहे थे और कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उन्होंने बताया कि आज सुबह नवाकदल क्षेत्र स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार ज़ुहर की नमाज के बाद किया जाएगा और उन्हें उनके पैतृक कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा।
अब्बास अंसारी को हाल ही में एसकेआईएमएस सौरा में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पहले नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला और अपनी पार्टी के अध्यक्ष मोहम्मद अल्ताफ बुखारी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए उनसे मिलने गए पहुंचे थे। अंसारी ऑल पार्टी हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के पूर्व चेयरमैन भी रहे हैं। उन्हें घाटी में उदारवादी अलगाववादी नेता के तौर पर जाना जाता है।
महबूबा मुफ्ती ने जताया शोक
महबूबा मुफ्ती ने उनके निधन पर शोक जताया है। महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘मौलाना अब्बास अंसारी ने शांति और इस्लाम के लिए समर्पित जीवन जिया। वह एकता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने पवित्र और विनम्र जीवन व्यतीत किया। वह अपने पीछे कश्मीर के लोगों के दिलों और दिमागों में अंकित समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं। ईश्वर उन्हें दरजत बुलंद फरमाये।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.