कोरबा में सेल्फी के चक्कर में डैम में फंसे 3 लड़के, ऐसे बची जान
छत्तीसगढ़ के कोरबा में 3 लड़के सेल्फी लेने के चक्कर में डैम में ही फंस गए। वो पिकनिक मनाने गए थे। इसी दौरान फोटो खींचने के लिए पानी के अंदर घुस गए। अचानक डैम का जलस्तर बढ़ गया। इससे वह अंदर ही फंसे रह गए। उन्होंने ही आनन-फानन में डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। लड़कों के रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है। शुक्रवार को माचाडोली गांव में स्थित बांगो डैम में गांव के ही 3 लड़के पिकनिक मनाने आए थे। दोपहर का वक्त था। तीनों ने तय किया कि वह डैम के अंदर जाकर बीच पत्थरों में खड़े होकर सेल्फी लेंगे। उसी दौरान बांगो डैम के गेट खोल दिए गए। लड़के अपनी ही मस्ती में मस्त थे। डैम का गेट खोलने की वजह से उसका जलस्तर बढ़ गया।
डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले गाड़ी में रखी एक बड़ी रस्सी डैम में नीचे फेंकी। जिसको तीनों ने पकड़ लिया। पुलिसकर्मी उन्हें ये समझाते रहे कि डरना मत हम आप लोगों को निकाल लेंगे। इसके बाद बांगो पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। तब बांगो डैम प्रबंधन से बात कर डैम के गेट को बंद कराया गया। जिससे धीरे-धीरे पानी का जलस्तर कम हुआ। इसके बाद तीनों को निकाला है। डायल 112 की पुलिसकर्मियों ने बताया कि करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को निकाला जा सका है। तीनों की उम्र 15 से17 साल के बीच है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.