283 चयनित केंद्रों पर टेलीमेडिसिन कंसलटेशन का किया गया ड्राइ रन, मरीजों ने डॉक्टर से लिया परामर्श
नियमित टीकाकरण केंद्रों पर प्रत्येक शुक्रवार एवं बुधवार को टेलीमेडिसिन के माध्यम से होगा इलाज
सासाराम। स्वास्थ्य सुविधा को और बेहतर करने के लिए राज्य सरकार हमेशा नए कार्य एवं सुविधाएं बढ़ा रही है जिससे लोगों को सीधा फायदा मिल सके। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूरवर्ती इलाकों में रह रहे लोगों को बेहतर स्वास्थ सुविधा मुहैया हो इस पर भी सरकार दृढ़ संकल्पित है और लगातार इस और कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ईसंजीवनी कार्यक्रम के तहत टेलीमेडिसिन कंसलटेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा को सुचारू रूप से बेहतर बनाने के लिए ड्राई रन कार्यक्रम का आयोजन किया गया और इसका फीडबैक लिया गया। वही ड्राइ रन के बाद जल्द ही जिला के सभी नियमित टीकाकरण केंद्रों पर शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सकीय सेवा मोबाइल के माध्यम से उपलब्ध होगी। टेलीमेडिसिन कंसलटेशन एक सुविधा होगी जिसमें मरीज अपने रोग से संबंधित डॉक्टर से सीधे तौर पर ऑनलाइन के माध्यम से जुड़ सकेंगे और चिकित्सकीय परामर्श भी ले सकेंगे. बिहार में कई ऐसे ग्रामीण इलाके हैं जहां पर मरीजों को इलाज के लिए कोसों दूर चल कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना पड़ता है इसी समस्या को दूर करने के लिए अब किसी भी बीमारी से संबंधित मरीज सीधे तौर पर ऑनलाइन के माध्यम से जुड़कर डॉक्टर से सलाह लेंगे वही ऑनलाइन के माध्यम से संबंधित रोगों का डॉक्टर दवा लिखेंगे और यह दवा उसी केंद्र से मरीज को दी जाएगी जहां से मरीज डॉक्टर से जुड़ रहे हैं। स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए राज्यव्यापी टेलीमेडिसिन कंसलटेशन का ड्राइ रन किया गया। इसके तहत रोहतास जिला में कुल 283 चयनित नियमित टीकाकरण पर ड्राई रन कार्यक्रम किया गया। अकोढ़ी गोला में 13, बिक्रमगंज में 18, चेनारी में 12, दावथ में 15, डिहरी में 8, दिनारा में 18, काराकाट में 32, करगहर में 20, कोचस में 22, नासरीगंज में 22, नौहट्टा में 14, नोखा में 18, राजपुर में 8, रोहतास में 10, संझौली में 5, सासाराम में 15, शिवसागर में 21, सूर्यपुरा में 8 तथा तिलौथू में 5 केंद्रों पर ड्राई रन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रोहतास जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉक्टर आरकेपी साहू ने बताया कि टेलीमेडिसिन स्वास्थ्य जगत के लिए क्रांति सिद्ध होगा। जो लोग किसी भी कारण से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में असमर्थ है अब वे ऐप के माध्यम से डायरेक्ट अपने रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी नियमित टीकाकरण केंद्रों पर प्रत्येक शुक्रवार एवं बुधवार को टेलीमेडिसिन के माध्यम से मरीज डॉक्टर से जुड़ सकते हैं। डॉक्टर ऑनलाइन के माध्यम से ही सारी जानकारी लेकर मरीज को दवा भी लिखेंगे। उक्त दवा उसी केंद्र से मरीज को प्राप्त हो जाएगा। आयोजित कार्यक्रम में बेहतर परिणाम देखने को मिला और इससे जुड़ कर लोगों ने खुशी जाहिर की। डॉ साहू ने बताया कि ड्राई रन अभियान को सफल बनाने में जिला स्वास्थ्य समिति के साथ-साथ डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ एवं केयर इंडिया टीम की भी अहम भूमिका रही।