भोपाल से ब्यावरा आ रही बस ने बाइक को चपेट में लिया, दो की मौत के बाद लोगों ने चक्काजाम किया
राजगढ़ :ब्यावरा के समीप भोपाल नेशनल हाईवे पर स्थित बाईहेड़ा जोड़ गांव पर बुधवार सुबह भोपाल से ब्यावरा आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित यात्री बस ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे घटना स्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास से एकत्रित हुए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।
बाइहेड़ा गांव के समीप भोपाल से ब्यावरा आ रही न्यू रॉयल स्टार बस एमपी 04 पीए 4140 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार अरनिया निवासी नाथूलाल दांगी (65) और खेजड़िया निवासी चंदरलाल दांगी (55) की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और शासकीय नौकरी देने तथा बाईहेड़ा जोड़ पर ओवर ब्रीज की मांग की। घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी एवं देहात थाना प्रभारी पुलिस बल के पहुंच गए और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.