महिला पेसर झूलन की बायोपिक के लिए अनुष्का ने शुरू की कड़ी मेहनत, इंस्टा पर दिखाई झलक
नई दिल्ली । भारतीय महिला पेसर झूलन गोस्वामी की जिंदगी पर आधारित फिल्म के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा कड़ी मेहनत कर रही हैं। अनुष्का ने सोशल मीडिया पर इसकी झलक दिखाई है, जिसमें वह झूलन की तरह गेंदबाजी करने की कोशिश करती दिख रही हैं। झूलन गोस्वामी पर बनने वाली बायोपिक ‘चकदा एक्सप्रेस’ के नाम से रिलीज होगी। फिल्म में पश्चिम बंगाल की रहने वालीं दिग्गज पेसर झूलन गोस्वामी के जीवन और क्रिकेट यात्रा के बारे में बताया जाएगा। ‘चकदा एक्सप्रेस’ नाम की यह फिल्म इसी साल रिलीज होने की उम्मीद है। अनुष्का इस फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। ‘पीके’ फेम अनुष्का ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से तस्वीरें पोस्ट की हैं। इसमें उन्होंने अपने फैंस को फिल्म से जुड़ी तैयारियों के बारे में जानकारी दी है।
अनुष्का ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा-‘ग्रिप बाय ग्रिप। उन्होंने हैशटैग में ‘चकदा एक्सप्रेस’ यानी फिल्म का नाम लिखकर झूलन को टैग किया। इस पोस्ट को अभी तक 10 लाख से भी ज्यादा यूजर्स ने लाइक किया है। अनुष्का शर्मा इस पोस्ट में गेंद के साथ-साथ गेंदबाजी एक्शन पर भी पूरी मेहनत करती दिख रही हैं। इंस्टाग्राम पोस्ट पर खुद झूलन गोस्वामी ने भी कमेंट किया है। झूलन ने लिखा बहुत अच्छा। झूलन गोस्वामी की गिनती दुनिया की सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में होती है। बंगाल के नादिया में जन्मीं झूलन ने टेस्ट में 44 और वनडे में कुल 245 विकेट झटके हैं। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट में 2 और वनडे में 1 अर्धशतक लगाया है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.