हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा सीट के लिए 31 मार्च को होगी वोटिंग
हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने राज्य से राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना सोमवार को जारी की है। मौजूदा राज्यसभा सदस्य आनंद शर्मा का कार्यकाल दो अप्रैल को समाप्त हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव सह निर्वाचन अधिकारी यश पॉल शर्मा ने बताया कि राज्य के विधायक नए राज्यसभा सदस्य के चुनाव के लिए 31 मार्च को मतदान करेंगे। शर्मा ने बताया कि उम्मीदवार 21 मार्च तक निर्वाचन अधिकारी (सचिव, हिमाचल प्रदेश विधानसभा) या सहायक निर्वाचन अधिकारी (उप सचिव, विधान, हिमाचल प्रदेश विधानसभा) के पास नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
नामांकन पत्रों की छंटनी 22 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे होगी और उम्मीदवार 24 मार्च को दोपहर तीन बजे से पहले नामांकन वापस ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदान 31 मार्च को पूर्वाह्न नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर बीजेपी प्रत्याशी का राज्यसभा पहुंचना तय है। विधायकों की संख्या के आधार पर कांग्रेस चुनाव में शायद ही उम्मीदवार उतारने के बारे में सोचे। बीजेपी के 43, कांग्रेस के 22, माकपा का एक और दो निदर्लीय विधायक हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा यूं तो चार बार राज्यसभा सदस्य रहे, लेकिन हिमाचल से वह तीन बार ही राज्यसभा पहुंचे है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.