छत्तीसगढ़ के जशपुर में फर्नीचर की दुकान में लगी भीषण आग
छत्तीसगढ़ के जशपुर में सोमवार की देर रात बड़ा हादसा हो गया। हादसे एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब एक फर्नीचर की दुकान और मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर के अंदर रही महिला जिंदा जल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह महिला के शव को जेसीबी से घर की दीवार तोड़कर बाहर निकाला गया। घटना कुनकुरी थानाक्षेत्र की है। कुनकुरी बाजार डांड में श्याम सुंदर बंग की पूजा प्लाईवुड और फर्नीचर के नाम से एक दुकान है। इस दुकान में देर रात अचानक आग लग गई। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले आग ने भयानक रूप ले लिया। घर के मालिक ने आग लगने की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस हादसे में घर के अंदर रही श्याम सुंदर बंग की पत्नी रचना बंग (54) की मौत हुई है।
इस घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण है कि उस पर अभी तक पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। आग बुझने के काम में फायर ब्रिगेड के साथ 8 टैंकर लगे हुए हैं। आगजनी की सूचना पर जशपुर कलेक्टर रितेश अग्रवाल, एसपी विजय अग्रवाल और कुनकुरी विधायक यूडी मिंज भी मौके पर पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। हालांकि, आग बुझने के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.