प्रभारी मंत्री द्वारा पेयजल की समस्याओं को लेकर की गई बैठक दिए आवश्यक निर्देश
प्रभारी मंत्री द्वारा पेयजल की समस्याओं को लेकर की गई बैठक दिए आवश्यक निर्देश
माननीय मंत्री, उद्योग विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री गया ज़िला सैयद शाहनवाज हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बढ़ते गर्मी के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए पेयजल समस्या एवं सात निश्चित योजना के हर घर नल जल योजना द्वारा दिये जा रहे डोर टु डोर पानी कनेक्शन के संबंध में माननीय सांसद, सभी माननीय विधायकों, नवनिर्वाचित विधान पार्षद एवं ज़िले के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निदेश दिया।
बैठक में सर्वप्रथम ज़िला पदाधिकारी, गया डॉ० त्यागराजन एसएम द्वारा माननीय प्रभारी मंत्री सहित उपस्थित सभी माननीय जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। भूगर्भ जल स्तर के बारे में जिला पदाधिकारी ने बताया कि गया जिला में वर्ष 2019 में औसतन जल स्तर 40.21 फीट था, वर्ष 2021 में 23.51 फीट था तथा वर्तमान वर्ष में आज की तिथि में 25.13 फीट भूजल स्तर है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों के अपेक्षा में इस वर्ष भूजल स्तर काफी अच्छी स्थिति में है। उन्होंने बताया कि पंचायत राज विभाग तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पदाधिकारियों द्वारा जलापूर्ति को सुचारू रखने के लिए सभी वार्डो का सर्वेक्षण कराया गया, जिनमें कुल 225 योजना छोटी-छोटी समस्याओं के कारण पेयजल बाधित पाया गया है, उन सभी को मरम्मत करवाते हुए पेयजल का कार्य तेजी से करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रखंडवार जनप्रतिनिधियों तथा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ पेयजल संबंधी विस्तार से बैठक किया जा रहा है तथा उनकी समस्याओं को सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों द्वारा त्वरित गति से निष्पादन भी कराया जा रहा है। पेयजल की समस्या हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाले शिकायतों का त्वरित गति से समाधान किया जा रहा है। जिला नियंत्रण कक्ष में कुल 477 शिकायतों में से 437 शिकायतों का अनुपालन करवा लिया गया है।
गया जिला में चापाकलो कि स्थिति के समीक्षा में बताया गया कि 57,101 सर्वेक्षण में से 4619 चापाकल बंद पाए गए, जिनमें 3163 चापाकलो को मरमत्ती करवाया जा चुका है। शेष चापाकल को 25 अप्रैल के पहले मरम्मत कराने का निर्देश दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि गया जिला के सरकारी विद्यालयों में कुल 485 चापाकल खराब पाए गए हैं, जिनमें कुल 289 चापाकल को मरमत्ती किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पानी टैंकर चलाने की आवश्यकता नहीं है, परंतु कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पास कुल 54 टैंकर चालू अवस्था में रखा गया है। कोई समस्या आने पर टैंकर द्वारा पानी मुहैया कराया जाएगा।
गया नगर निगम के समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि गया नगर निगम क्षेत्र में कुल 32 टैंकर चालू अवस्था में है। 5 वाटर एटीएम तथा 800 चापाकल हैं, जिनमे 686 कार्यरत है। उन्होंने यह भी कहा कि वैसे भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों, चौक चौराहों पर पेयजल हेतु वाटर टावर एवं अन्य व्यवस्थाएं भी करवाया जा रहा है ताकि लोगों को पेयजल उपलब्ध किया जा सके।
हीटवेव से बचाव के समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि हीटवेव से बचाव हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लिए गए हैं। गया जिला के विभिन्न बड़े जगहों यथा रैन बसेरा, अशोक अतिथि निवास, इनडोर स्टेडियम, सामुदायिक भवन सहित अन्य बड़े भवनों को चिन्हित करते हुए पेयजल की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं रखी जा रही है ताकि हीटवेव से ग्रसित व्यक्तियों/मरीजो को उपचार दिया जा सके। साथ ही सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में भी बड़े भवनों को चिन्हित कराने का निर्देश दिया गया है, जहाँ पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पंखा, पेयजल इत्यादि सुविधा रखा जाए। हीटवेव से बचाव हेतु मगध मेडिकल अस्पताल पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इमरजेंसी भवन में 15 आईसीयू बेड हीट वेब के लिए सुरक्षित रखा गया है। प्रत्येक दिन हेल्थ बुलेटिन संचालन किया जाएगा। सेंट्रलाइज ऑक्सीजन पाइप लाइन की व्यवस्था 24×7 वेंटिलेटर के साथ प्रवाहित है। दवा एवं अन्य प्रयोग की जाने वाली सामग्री मगध मेडिकल के भंडार में उपलब्ध है। हिटवेब से बचाव हेतु गया जिलावासियों को लगातार आवश्यक सूचनाएं एवं जानकारियां दिए जा रहे हैं।
नीरा के संबंध जिला पदाधिकारी ने बताया कि गया जिले पूरे बिहार में नीरा का संग्रह तथा नीरा की बिक्री में अव्वल नंबर पर है। आज की तिथि में 2,340 लीटर नीरा संग्रहित किया गया है तथा 2251 लीटर नीरा की बिक्री हुई है। अब तक 41,696 लीटर नीरा संग्रहित किया गया है तथा 40,755 लीटर नीरा की बिक्री की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जीविका के माध्यम से लोगों को नीरा उत्पादन एवं बिक्री के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
बैठक में माननीय मंत्री, उद्योग विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री गया ज़िला श्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के जानकारी लिया। उद्योग पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के लिए कुल 650 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 98 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। माननीय प्रभारी मंत्री ने अग्रणी बैंक प्रबंधक, गया तथा जिला उद्योग पदाधिकारी को आपस में समन्वय कर प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।
माननीय प्रभारी मंत्री ने जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा तमाम पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को धन्यवाद दिया कि रामनवमी त्यौहार को गया जिले में पूरी शांति एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न करवाया गया।
माननीय मंत्री ने बताया कि अमृतसर कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। लगभग 2000 एकड़ में पार्क का निर्माण हो रहा है। आने वाले दिनों में गया जिला में बड़े उद्योगों लगने की संभावना है। उन्होंने कहा कि गया जिला में उद्योग एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तेजी से काम हो रहा है।
पेयजल की समीक्षा के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री ने कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को निर्देश दिया कि वैसे कोई टोला जहां पेयजल की अत्यंत समस्या है, वहां अविलंब स्टैंड पोस्ट या वैकल्पिक व्यवस्था करवाते हुए पेयजल आपूर्ति करवाएं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी संकट हेतु किसी भी क्षेत्र से आने वाली समस्याओं पर त्वरित रिस्पॉन्ड करें।
उन्होंने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया कि पेयजल की समस्या को देखते हुए सभी माननीय विधायकों के साथ एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाते हुए उसमें संबंधित पदाधिकारियों को भी जोड़ें ताकि यदि जनप्रतिनिधि द्वारा किसी क्षेत्र या टोले में पानी की समस्या होने पर उसे बिना समय गवाएं पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करवाए जा सके।
हीटवेव से बचाव हेतु सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें। यदि कोई मरीज आते हैं, तो उसे टाइमली रिपोर्ट करते हुए उनका उपचार करें।
बैठक में माननीय सांसद, गया श्री विजय कुमार द्वारा बताया गया कि बाराचट्टी क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न टोलो से पेयजल की समस्या आने पर उसे दूर करे।
बैठक में माननीय विधायक, इमामगंज श्री जीतन राम मांझी द्वारा जलापूर्ति योजनाओं को दुरुस्त करने का अनुरोध किया उन्होंने कहा कि इमामगंज एवं डुमरिया में वर्षों पुराने बने जल मीनार को चालू करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिले इसके लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि चक्र बंधा के केंदुआ गांव के वार्ड संख्या 7 में लगभग 40 से 50 घर ऐसे हैं जो 4 किलोमीटर दूर जाकर के पानी लाते हैं, उन टोले में पानी की व्यवस्था करवाने का अनुरोध किए।
बैठक में माननीय, नगर विधायक डॉ० प्रेम कुमार द्वारा बताया गया कि गया नगर निगम क्षेत्र में कुछ जगहों पर चापाकल अभी भी खराब है, उसे अभियान चलाकर तेजी से मरम्मत करवाने का अनुरोध किया। साथ ही प्याऊ, जो बंद हैं, उसे चालू करवाने को कहा ताकि आमजन के जीवन को राहत मिल सके।
बैठक में माननीय विधायक, गुरुआ द्वारा बताया गया कि गुरुआ विधानसभा क्षेत्र के कुछ बसावट वाले क्षेत्र में पानी की समस्या है, वहां पेयजल आपूर्ति करवाने का अनुरोध किया। बैजूनाथ धाम में आगामी सावन माह के पूर्व ही पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करवाने का अनुरोध किया, जिसपर जिला पदाधिकारी ने बताया कि बैजूनाथ में पेयजल योजना के लिए प्राक्कलन तैयार कर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को भेजा जा चुका है।
बैठक में माननीय विधायक, बेलागंज द्वारा बताया गया कि बेलागंज प्रखंड क्षेत्र में नल जल योजना के वैसे जल मीनारों में जहां प्रीपेड मीटर का बिजली कनेक्शन काटा गया था, उसे जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार दुबारा बिजली कनेक्शन देते हुए जलापूर्ति सुचारू रूप से चालू कर दिया गया है। इस कार्य हेतु उन्होंने जिला पदाधिकारी को धन्यवाद दिया।
माननीय विधायक, टिकारी द्वारा बताया गया कि टिकारी विधानसभा क्षेत्र से पेयजल की समस्या आने पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा उसे त्वरित गति से निष्पादन करवाने का अनुरोध किया।
माननीय विधायक, बोधगया द्वारा बताया गया कि बोधगया विधानसभा क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाने तथा लगभग 350 टोले में अभी भी पेयजल की समस्या हो रही है, वहाँ पेयजल उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। गुरपा पर्यटक स्थल में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करवाने का भी अनुरोध किया। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि गुरपा पर्यटक स्थल में विशेष केंद्रीय सहायता योजना अंतर्गत जलापूर्ति स्थापित करने हेतु प्राक्कलन तैयार कर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को भेजा गया है।
माननीय विधायिका, बाराचट्टी द्वारा बताया गया कि जोगिया गांव में पानी की समस्या वर्तमान में बनी हुई है, उसे दूर करवाने का अनुरोध किया। साथ ही पीएचईडी के पदाधिकारियों को लगातार फील्ड में घूमने का अनुरोध किया, जिससे विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों में होने वाली पानी की समस्या को दूर किया जा सके। साथ ही बाराचट्टी विधान सभा क्षेत्र में इंदिरा आवास योजना के तहत वैसे छूटे हुए लोगों को इंदिरा आवास योजना से जोड़ने का भी अनुरोध किया।
माननीय विधायक, अतरी द्वारा अनुरोध किया गया कि छोटे-छोटे समस्याओं के कारण अबतक जो भी चापाकल मरम्मत नहीं हुए हैं, उसे अतिशीघ्र चालू करवाएं। साथ ही पहाड़ी क्षेत्र के बसावट वाले क्षेत्रों में नल जल योजना उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया।
बैठक में माननीय विधायकों द्वारा यह भी बताया गया कि गया जिला में लगातार सड़क जाम की समस्या देखी जा रही है। सड़क जाम से निजात हेतु फ्लाई ओवर निर्माण हेतु विभाग को पत्र भेजने का अनुरोध किया।
माननीय प्रभारी मंत्री ने जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक से गया जिला में फ्लाई ओवर निर्माण हेतु जानकारी प्राप्त किया। वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रखी गई है। रोड के किनारे लगने वाले वेंडर को सुव्यवस्थित किया जा रहा है ताकि जाम की समस्या कम हो सके। सड़क के किनारे हो रहे अतिक्रमण को तेजी से हटवाया जा रहा है।
अंत में जिला पदाधिकारी ने माननीय प्रभारी मंत्री एवं सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि बैठक में दिए हुए सभी महत्वपूर्ण सुझाव एवं समस्याओं को तेजी से अनुपालन कराया जाएगा।