उत्तर पश्चिमी भारत में लू का प्रकोप जारी, दिल्ली में पड़ेगी प्रचंड गर्मी
नई दिल्ली । उत्तर पश्चिमी भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में भी ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मंगलवार को 40.8 डिग्री दर्ज किया गया था। पीतमपुरा में 43.6 और मुंगेशपुर में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। नजफगढ़ में 43.7, रिज में 43.6 और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सफदरजंग वेधशाला में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार और शुक्रवार को 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
राजधानी में 21 अप्रैल 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री से. दर्ज किया गया था। अप्रैल में रिकॉर्ड अधिकतम तापमान 29 अप्रैल 1941 को 45.6 डिग्री से. दर्ज किया गया था।
उत्तर पश्चिमी भारत में मार्च के अंतिम सप्ताह से सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया है और मौसम विशेषज्ञ इसके लिए उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। क्षेत्र को अफगानिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बादल छाए रहने की वजह से पिछले सप्ताह थोड़ी राहत मिली थी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.