2024 की तैयारियों में जुटी बीजेपी कमजोर प्रदर्शन वाले बूथों पर विपक्ष को मात देने का प्लान रेडी
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2024 के आम चुनावों के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। अभियान की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। हालांकि, इस अभियान के उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं की गई है। अभियान में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी ने अभियान शुरू होने की तारीख से तीन महीने की समय सीमा तय की है। सूत्रों के मुताबिक, कैंपेन में देशभर से सांसदों को तैनात करने का काम चल रहा है। अगले साल होने वाले मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों की तैयारियों की रूपरेखा तय करने और संगठन को दुरुस्त करने के लिए गुरुवार को नड्डा ने दोनों राज्यों के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा के पुराने मुख्यालय 11, अशोक रोड में हुई इन अलग-अलग बैठकों का उद्देश्य अगले साल दोनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के संबंध में भाजपा की तैयारियों का जायजा लेना और आगे की रणनीति तैयार करना था। सांसदों के अलावा, सभी राज्य इकाइयों के भाजपा प्रमुखों और जिलाध्यक्षों को अभियान में भूमिका दी जाएगी। पार्टी इस कार्यक्रम को तीन चरणों में चलाने की योजना बना रही है। पहले चरण में टीम का गठन किया जाएगा। दूसरे चरण में मजबूत किए जाने वाले बूथों की पहचान की जाएगी। तीसरे चरण में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.