डेहरी फोर लेन पर बालू लदे ट्रैक्टर से स्कूटी सवार की हुई मौत
सासाराम। रोहतास जिला के डेहरी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में जीटी रोड फोर लेन पर सोमवार सुबह 930 बजे एक बालू लदे ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी जिससे स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पहलेजा पंचायत के नरसीबीघा गांव के सरयू सिंह 45 साल के रूप में की गई है, जो डेहरी से अपने गांव लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल रहा। अपने गांव लौटने के क्रम में सरयू सिंह जैसे ही फोरलेन पर नेहरू कॉलेज के पास मनौरा गांव के सामने से गुजर रहा था, एक बेकाबू ट्रैक्टर ने उनके स्कूटी में टक्कर मार दी। घटना के बाद जुटे लोगों ने देखा कि स्कूटी चालक की मौत हो चुकी है। नरसीबीघा गांव में घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया, और परिजन डेहरी के लिए रवाना हुऐ। परिजनों ने बताया कि मृतक दो बेटियों का पिता है, दोनों की शादी हो चुकी है। इस संबंध में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजय सिेह ने बताया फरार ट्रैक्टर को चिहिंत करने का प्रयास किया जा रहा है।