चकिया के ज्वेलरी दुकान से लाखों मूल्य के आभूषण की लूट, विरोध में दुकानें रहीं बंद
लूट का विरोध करने पर गोली मारकर दुकानदार दो भाइयों को किया जख्मी, चल रहा है इलाज
मोतिहारी/लाख प्रयास के बावजूद जिले में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में जिले के चकिया थाना इलाके के केसरिया रोड में छोटकी बाजार स्थित देवीलाल ज्वेलर्स दुकान में बुधवार की शाम नकाबपोश अपराधियों ने भीषण लूट की घटना को अंजाम दिया है। इस दौरान अपराधियों ने आभूषण दुकान मालिक सुधीर सर्राफ और पवन सर्राफ दोनों व्यवसायी भाई को गोली मार दी और अपराधी लूटे गये लाखों के गहने बोरा में भरकर फरार हो गए। वहीं दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस लूट की इस घटना की जांच में जुटी है। वहीं आज लूट की घटना के विरोध में आज चकिया की दुकानें सुबह से बंद रही। बाद में पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद कुछ दुकानें खुली तो ज्यादातर दुकानें अब भी बंद है।जानकारी के अनुसार चकिया के केसरिया रोड में छोटकी बाजार स्थित देवीलाल प्रसाद ज्वेलर्स की दुकान पर सुधीर सर्राफ और पवन सर्राफ दोनों व्यवसायी भाई बैठे हुए थे। उसी दौरान आठ हथियारबंद अपराधी घुस आए। हथियारबंद अपराधियों को देखकर दोनों व्यवसायी भाइयों ने कहा कि दुकान से जो भी लेना है, ले लें। उसी दौरान पवन सर्राफ ने जैसे ही अपनी पिस्तौल को निकालने कोशिश की, तभी अपराधियों ने फायरिंग कर दी। अपराधियों की गोली पवन सर्राफ के हाथ में और उनके भाई सुधीर के पेट में लगी है।दोनों को गोली मारने के बाद अपराधियों ने बोरा में ज्वेलरी के डिब्बे को भर लिये और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अपराधियों का पीछा किया। लेकिन वे फायरिंग करने लगे। जिसके कारण लोगों को पीछे हटना पड़ा। अपराधियों ने दुकान में लूट के दौरान किसी ग्राहक को नुकसान नहीं पहुंचाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से गोली का पांच खोखा बरामद किया है। लेकिन पीड़ित परिवार ने अब तक पुलिस को आवेदन नहीं दिया है। पुलिस के अनुसार करीब 60 लाख की लूट हुई है।