गढ़चिरौली में SRPF जवानों ने एक-दूसरे को मारी गोली
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स SRPF के 2 जवानों ने एक-दूसरे को गोली मार दी। दोनों जवान नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली के मरपल्ली गांव के पुलिस सहायता केंद्र में तैनात थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई, जिसके बाद दोनों ने सर्विस राइफल से फायरिंग कर दी। दोनों जवान पुणे के निवासी हैं। गढ़चिरौली पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
बुधवार की शाम नक्सल प्रभावित क्षेत्र मरपल्ली के पुलिस सहायता केंद्र में तैनात श्रीकांत बेयर्ड और बंदू नवाथरे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों इतने आक्रोशित हो गए कि एक-दूसरे पर अपनी सर्विस राइफल से फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर पुलिस मदद केंद्र में मौजूद दूसरे जवान मौके पर पहुंचे। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे अफसरों ने जवानों के शवों को गढ़चिरौली जिला अस्पताल भिजवाया। दोनों जवानों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ यह अभी पता नहीं चल पाया है। राज्य सरकार ने इस घटना के विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.